समाचार शगुन उत्तराखंड
कुमाऊं में एक बार फिर हत्या की वारदात से दहल गया। ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर मुख्यालय के जगतपुरा में मोबाइल कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद में एक युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस प्रकरण में मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। यहां चाकू के ताबड़तोड़ हमले में राजकुमार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा-आवास विकास में दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति की मोबाइल की दुकानें आमने-सामने हैं। शुक्रवार 13 नवंबर को सुबह उनके बीच हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। मारपीट के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। घायलों को लेकर दोनों पक्ष जिला अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल में उपचार के दौरान राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में उसका उपचार किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। जिला अस्पताल में पुलिस के सामने दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। स्थिति संभालने और दोनों पक्षों को अलग करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति तनावपूर्ण बनी है।











