कर्मचारियों से अभद्रता के मामले में आईटीआई के प्रधानाचार्य सस्पेंड

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के कालाढूंगी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्रधानाचार्य आरसी पाल को शासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार, उत्पीड़न और महिला कर्मचारियों के प्रति अभद्र टिप्पणियों के आरोपों के मामले में यह कार्रवाई की गई है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के सचिव सी. रविशंकर ने 15 अक्तूबर 2026 को निलंबन आदेश जारी किया। जानकारी के अनुसार, प्रधानाचार्य के व्यवहार के विरोध में संस्थान के कर्मचारी 15 दिनों से कार्य बहिष्कार कर आंदोलन कर रहे थे। कर्मचारियों ने प्रधानाचार्य पर तानाशाही रवैया अपनाने और उत्पीड़न करने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मामले में निदेशालय की जांच समिति की रिपोर्ट में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद शासन ने निलंबन का निर्णय लिया। निलंबन अवधि के दौरान आरसी पाल को संयुक्त निदेशक, श्रीनगर, गढ़वाल मंडल के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।