समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के श्री कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल* क्षेत्र में दिनांक *26.09.2026* एवं *27.09.2026* को वीकेंड के अवसर पर श्रद्धालुओं/पर्यटकों के अत्यधिक संख्या में आगमन की सम्भावना के दृष्टिगत यातायात के सुचारू एवं निर्बाध संचालन तथा मार्गों पर अतिरिक्त यातायात दबाव को नियंत्रित किये जाने हेतु निम्नानुसार यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी की जायेगी।
*1. हल्द्वानी/अल्मोड़ा की ओर से आने वाले भारी वाहनों की व्यवस्था-*
कैंची/भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में यातायात के अतिरिक्त दबाव को कम किये जाने हेतु अल्मोड़ा/रानीखेत की ओर से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वारब एवं खैरना क्षेत्र से डायवर्ट कराया जायेगा। उक्त भारी वाहनों को आवश्यकतानुसार रामगढ/मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी की ओर भेजा जायेगा,जिससे कि कैंची धाम एवं भवाली क्षेत्र में भारी वाहनों के कारण यातायात बाधित न हो।
2. आवश्यक सेवा वाले भारी वाहनों का आवागमन-
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा से सम्बन्धित भारी वाहनों को उनके निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति दी जायेगी। अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव एवं मार्ग की स्थिति के अनुसार सैनेटोरियम तिराहा,भवाली से पीछे रोककर चरणबद्ध रूप से आगे भेजा जायेगा। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे वाहनों को रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग से उनके गन्तव्य की ओर भेजने की व्यवस्था की जायेगी।
*3. हल्द्वानी से कैंची धाम जाने वाले पर्यटक/श्रद्धालु-*
बाहरी जनपदों एवं राज्यों से अपने निजी वाहनों से हल्द्वानी की ओर से भीमताल होते हुए श्री कैंची धाम मंदिर दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं/पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जायेगा।विकास भवन पार्किंग में वाहन पार्क कराने के उपरान्त श्रद्धालुओं/पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा/सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम मंदिर दर्शन हेतु भेजा जायेगा। वापसी के समय भी निर्धारित शटल व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल तक पहुंचाया जायेगा।
*4. नैनीताल/गेठिया की ओर से कैंची धाम आने वाले पर्यटक-*
बाहरी जनपदों एवं राज्यों से गेठिया/नैनीताल की ओर से अपने निजी वाहनों द्वारा कैंची धाम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं/पर्यटकों के वाहनों को भवाली सेनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जायेगा।सैनेटोरियम पार्किंग में वाहन पार्क कराये जाने के उपरान्त श्रद्धालुओं/पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर दर्शन हेतु भेजा जायेगा, जिससे कैंची धाम एवं भवाली क्षेत्र में निजी वाहनों की अनावश्यक भीड़ एवं जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।वापसी के समय भी निर्धारित शटल व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल तक पहुंचाया जायेगा।
*5. भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाला यातायात-*
भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग से उनके गन्तव्य की ओर भेजा जा सकेगा। यातायात पुलिस द्वारा मार्ग की स्थिति एवं वाहनों की संख्या के अनुसार आवश्यकतानुसार यातायात को नियंत्रित किया जायेगा।
*6. पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की व्यवस्था-*
पर्वतीय क्षेत्रों की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों को आवश्यकता एवं यातायात की स्थिति के अनुसार क्वारब–रामगढ़-रातीघाट बाईपास मोटर मार्ग से उनके गन्तव्य की ओर भेजे जाने की व्यवस्था की जायेगी। मार्ग पर अत्यधिक यातायात दबाव होने की स्थिति में वाहनों को चरणबद्ध रूप से संचालित किया जायेगा।
7. टैक्सी/दुपहिया टैक्सी वाहनों के सम्बन्ध में-
वीकेंड के दौरान टैक्सी/व्यावसायिक वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रखा जायेगा। कैंची धाम क्षेत्र में केवल निर्धारित/अधिकृत वाहनों को ही आवश्यकतानुसार प्रवेश की अनुमति दी जायेगी।टैक्सी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क कराकर यात्रियों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजने की व्यवस्था की जायेगी।
पार्किंग व्यवस्था-
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों के अतिरिक्त सड़क के किनारे अथवा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर पार्क नहीं करने दिया जायेगा। भीमताल विकास भवन पार्किंग एवं भवाली सेनेटोरियम पार्किंग को प्राथमिकता के आधार पर उपयोग में लाया जायेगा तथा पार्किंग भरने की स्थिति में वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था के अनुसार वाहनों को डायवर्ट किया जायेगा।
09.आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं हेतु व्यवस्था-
एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन,पुलिस वाहन,आवश्यक सेवाओं एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन हेतु पृथक मार्ग/कॉरिडोर उपलब्ध रखने का प्रयास किया जायेगा। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में यातायात पुलिस द्वारा तत्काल मार्ग खाली कराते हुए आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता से गन्तव्य तक पहुंचाया जायेगा।
10.योजना का प्रभावी क्रियान्वयन-
उक्त यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था दिनांक 26.09.2026 एवं 27.09.2026 को प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 20:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात व्यवस्था की वास्तविक स्थिति,श्रद्धालुओं/पर्यटकों की संख्या एवं मार्ग पर यातायात के दबाव के अनुसार योजना में आवश्यकतानुसार संशोधन/परिवर्तन किया जा सकेगा।
अतः समस्त श्रद्धालुओं, पर्यटकों, वाहन चालकों एवं आमजन से अपेक्षा की जाती है कि वीकेंड के दौरान श्री कैंची धाम/भवाली/भीमताल क्षेत्र में सुगम यातायात व्यवस्था बनाये रखने हेतु निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग एवं शटल सेवा व्यवस्था का पालन करते हुए यातायात पुलिस का सहयोग प्रदान करें।
*मीडिया सेल*
*जनपद नैनीताल*




