समाचार शगुन उत्तराखंड
पुलिस कप्तान के औचक छापे में पुलिस कर्मियों की लापरवाही सामने आई है। ऊधमसिंह नगर जिले के एसएसपी अजय गणपति मंगलवार की रात पुलिसकर्मियों का रिस्पांस चेक करने के लिए खुद निजी वाहन से औचक निरीक्षण पर निकले। इससे पहले उन्होंने पंतनगर क्षेत्र में फायरिंग की सूचना फ्लैश कराई। रात 12 बजे से तीन बजे तक रुद्रपुर से जसपुर तक किए गए औचक निरीक्षण में तीन दरोगा, एक हेड कांस्टेबल और पांच कांस्टेबल ड्यूटी में लापरवाही बरतते मिले। एसएसपी ने सभी नौ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, चार अन्य पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस का रिस्पांस चेक करने के लिए एसएसपी ने पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से पंतनगर क्षेत्र के पास सफेद रंग की स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों द्वारा एक व्यक्ति पर फायरिंग करने और वाहन के काशीपुर की ओर जाने की सूचना प्रसारित कराई थी।



