समाचार शगुन उत्तराखंड
ऊधमसिंहनगर जिले की पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से कथित रूप से जारी फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, दो रायफल, कारतूस, फर्जी लाइसेंस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चल रही जांच के दौरान एसओजी को सूचना मिली थी कि बाहरी राज्यों से फर्जी लाइसेंस बनवाकर हथियार रखने का नेटवर्क सक्रिय है। जांच में काशीपुर कुंडा क्षेत्र से जुड़े चार शस्त्र लाइसेंस फर्जी पाए गए थे। इस मामले में अजय सिंह, अनूप सिंह, जगदेव सिंह और जगदीप सिंह के खिलाफ कुंडा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार को एसओजी ने ग्राम छिनकी, किच्छा निवासी अजय सिंह और कुंडा निवासी अनूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों ने खुद को पंजाब का निवासी दर्शाकर फर्जी लाइसेंस बनवाए और उन्हीं के आधार पर हथियार खरीदे थे। अनूप सिंह के पास से एक .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर रायफल, फर्जी लाइसेंस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं अजय सिंह के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर रायफल, 16 कारतूस और फर्जी लाइसेंस मिले हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में 10 से 12 अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



