समाचार शगुन उत्तराखंड
हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक चोरी करने के आरोप में चार मासूम बच्चों को रस्सी से बांधकर डंडे से बेरहमी से पीटने और बंधक बनाकर प्रताड़ित करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. ईटीवी भारत ने इस पूरे घटनाक्रम को विस्तार से प्रकाशित किया था, जिसके बाद कलियर पुलिस हरकत में आई और तत्काल संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दबिश देकर दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई. घटना से संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम दरियापुर निवासी मेघराज और महावीर पुत्रगण रामप्रसाद ने चार नाबालिग बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी का आरोप लगाया था। आरोप है कि दोनों ने बच्चों को पकड़कर उनके साथ गाली-गलौज की, लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने बच्चों को बंधक बनाकर रखा और उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जो बाल संरक्षण कानूनों के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।



