समाचार शगुन उत्तराखंड
नोएडा के रबूपुरा में सहकर्मियों की शरारत का शिकार हुए फैक्ट्री कर्मी और ऊधमसिंहनगर जिले के काशीपुर निवासी समीर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपियों ने एयरप्रेशर से फैक्ट्री कर्मी के पेट में हवा भर दी। आंत फटने से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने दोनों आरोपी सहकर्मी काशीपुर निवासी दिलशाद और जीशान को गिरफ्तार कर लिया है। नोएडा के यमुना सिटी के रबूपुरा में सेक्टर-29 में स्थित सूर्या ग्लोबल फ्लेक्सी फिल्म कंपनी में बीती 16 जून की सुबह तीन सफाई कर्मचारी अपना काम कर रहे थे। तीनों काशीपुर के रहने वाले थे। घटनाक्रम के अनुसार कंपनी में झाड़ू लगा रहा था। वहीं दूसरा सहकर्मी दिलशाद एयर प्रेशर से हवा डाल रहा था। जीशान भी वहीं मौके पर मौजूद था। इसी दौरान दिलशाद को शरारत सूझी और उसने समीर के गुदा द्वार पर प्रेशर पाइप लगाकर हवा भरनी शुरू कर दी। इससे समीर चीखने चिल्लाने लगा। उसके गुप्तांग से खून बहने लगा। यह देख दोनों घबरा गए और तत्काल सुपरवाइजर को जानकारी दी। समीर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। एयर प्रेशर के कारण समीर की आंत फट गई थी, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई थी। मृतक समीर चार बहनों का अकेला भाई था। समीर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने बताया कि अपनी बहनों की शादी के लिए वह घर से कमाने निकला था और अपनी कमाई से बहनों की शादी करना चाहता था। उधर दोनों आराेपियों के खिलाफ कंपनी के मैनेजर की शिकायत के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।



