समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल में शुक्रवार 24 अप्रैल को बिड़ला चुंगी क्षेत्र में लगी आग को बुझाने के दौरान वन विभाग के दैनिक कर्मी की पहाड़ी से फिसलकर मौत हो गई। इसे लेकर लोगों ने अस्पताल में हंगामा काटा और वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। बिड़ला निवासी आनंद राम अचानक फिसलकर गहरी ढलान में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके पास कोई सुरक्षा उपकरण नहीं था, जिससे गिरने पर उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही मूर्छित हो गया।
स्थानीय लोगों ने उसे 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के सभासद और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि वन विभाग के कर्मियों को बिना फायर सूट, हेलमेट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों के ही आग बुझाने भेजा जा रहा है।



