हल्द्वानी में इस ब्लागर की मुश्किलें बढ़ीं, तीन दिन में दो मुकदमे दर्ज

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

 

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में ब्लागर ज्योति अधिकारी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पहले आर्म्स एक्ट व कुमाऊं के देवी देवताओं के अपमान के आरोप में प्राथमिकी, फिर एक ब्लागर के साथ मारपीट के बाद अब ज्योति अधिकारी व उसके पति पर पड़ोसी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्योति पर तीन दिन में यह दूसरा मुकदमा दर्ज हुआ है। संपदा विहार लालमणि निवाड़ फेस-1 किराना व्यापारी नीरज भट्ट ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि व अपने घर के बाहर किराने की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि कुछ समय से ज्योति अधिकारी के पति उनकी दुकान के सामने अवैध रूप से शराब बेच रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड होने की बात भी कही गई है। भट्ट का यह भी आरोप है कि इसके बाद ब्लागर ज्योति अधिकारी ने फेसबुक लाइव के माध्यम से उनकी पत्नी के बारे में आपत्तिजनक और झूठे आरोप लगाए व उन्हें भी धमकी दी, जिससे उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचा और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। तहरीर में कहा गया है कि 12 मार्च को आरोपी पहले उनके घर पहुंचे और धमकी देकर चले गए। बाद में दुकान पर आकर गाली-गलौज करते हुए दोबारा जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा ज्योति अधिकारी ने आपातकालीन सेवा 112 पर यह झूठी सूचना दी गई कि नीरज भट्ट उनके घर पहुंचे हैं, जबकि उस समय वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसका प्रमाण सीसीटीवी फुटेज में होने का दावा किया गया है। हल्द्वानी कोतवाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here