नैनीताल जिले में यहां गुलदार ने फिर महिला को मार डाला

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के ओखलकांडा विकासखंड के ग्राम सभा चमोली निवासी रेखा देवी पत्नी पान सिंह चिलवाल पर आज मंगलवार की दोपहर गुलदार ने हमला कर दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। बीते चार दिन पहले नैनीताल जिले के धारी तहसील क्षेत्र के तल्ली दिनी गांव में 35 वर्षीय हेमा देवी पत्नी गोपाल सिंह बर्गली को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके के लिए रवाना हो गए। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी दहशत है और लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे पूरी सतर्कता बरतें और अनावश्यक रूप से अकेले घर से बाहर न निकलें, विशेषकर सुबह और शाम के समय।