क्लस्टर स्कूल के स्थान पर समान स्कूल प्रणाली व्यवस्था लागू करे सरकार

समाचार शगुन उत्तराखंड 

..राजकीय शिक्षक संघ का अल्मोडा में शिक्षा के संकट पर सेमिनार…राजकीय शिक्षक संघ, कुमाऊं मंडल की पहल पर सरकारी शिक्षा पर संकट और चुनौतियां विषय पर एक सेमिनार का आयोजन पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज अल्मोड़ा के विवेकानंद सभागार में किया गया। जिसमें सरकारी शिक्षा की लगातार उपेक्षा और निजीकरण के हमलों के बीच उसके संरक्षण के उपायों पर गंभीर विमर्श किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में आ रहे परिवर्तनों और उनके फलस्वरूप लगातार सरकारी विद्यालयों कि स्थिति में गिरावट और उसके सामने खड़ी चुनौतियों पर विस्तृत विचार विमर्श किया।
यह कार्यक्रम अपने आप में इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि पहली बार शिक्षकों ने विभागीय समस्याओं से ऊपर उठकर शिक्षा, छात्रों और समाज के व्यापक हितों पर खुले मंच से संवाद किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अल्मोड़ा नगर निगम के महापौर श्री अजय वर्मा जी रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याएं वास्तविक और गंभीर हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षकों के लंबित मुद्दों को लेकर वे शीघ्र ही माननीय शिक्षा मंत्री से बातचीत करेंगे और समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।
मुख्य वक्ता अपर शिक्षा निदेशक, कुमाऊं मंडल श्री शिव प्रसाद सेमवाल जी ने कहा कि शिक्षा का संकट केवल संसाधनों का नहीं, बल्कि गुणवत्ता और दृष्टि का भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अवधारणात्मक, तार्किक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर विशेष ध्यान देना होगा। शिक्षक जितने अद्यतन होंगे, शिक्षा व्यवस्था उतनी ही सशक्त होगी।

विशिष्ट अतिथि जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह जी ने कहा कि सार्वजनिक शिक्षा को बचाने के लिए इस तरह के विमर्श के माध्यम से चुनौतियों की पहचान की जाए और उनके समाधान की दिशा में शिक्षक और अभिभावकों को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा । निजी विद्यालयों से प्रतिस्पर्धा के लिए हमारे सरकारी विद्यालयों को नवाचारों को अपनाकर आगे बढ़ना होगा।
शिक्षा संवाद कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रो0 सैयद हामिद , प्रो0 गोपाल नयाल , नवेंदु मठपाल , दिनेश कर्नाटक , राजीव जोशी , कमल गहतोड़ी , डॉ हेमलता धामी , डॉ पूरन चंद्र जोशी ने सरकारी शिक्षा के संकट पर विचार रखे।

इस अवसर पर डा गोविंद रावत और डॉ प्रीति मजगाई ने संचालन किया। गोष्ठी में मंडलीय मंत्री भारतेंदु जोशी ने सभी वक्ताओं का मंडल कार्यकारिणी की ओर से अभिनंदन किया अध्यक्षता मंडलीय अध्यक्ष डॉ रविशंकर गुसाईं ने की।वक्ताओं का मत था कि संवाद ही समाधान का एकमात्र रास्ता है। हमें समाज , सरकार और शिक्षकों के बीच खुले मंच के विमर्श अधिक से अधिक करने होंगे। हमें शिक्षा और शिक्षकों से जुड़ी चिंताओं को आम जनमानस तक पहुंचाना होगा। जनमत ही एकमात्र रास्ता है जो यह तय करेगा कि शिक्षा और विद्यालयों का भविष्य क्या होगा ।हम यह स्थापित करेंगे कि राजकीय शिक्षक संघ सिर्फ आंदोलनों से ही नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक राजनैतिक विमर्श को जन्म देकर पूरे देश को एक नई दिशा दिखाने का माद्दा रखता है । बौद्धिक चिंतन हमारे रास्तों को स्पष्ट करेगा ।

गोष्ठी के बाद मंडल कार्यकारिणी की तरफ से मंत्री भारतेंदु जोशी जी द्वारा दो प्रस्ताव पारित किए गए –

1. यह सदन तय करता है कि राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड की कुमाऊँ मण्डल कार्यकारिणी द्वारा अल्मोड़ा में की जा रही शिक्षा संवाद को ब्लॉक स्तर तक समय–समय पर आयोजित किया जाएगा।

2. यह सदन सरकार से माँग करता है कि NEP 2020 में की गई क्लस्टर स्कूल की व्यवस्था के बजाए कोठारी आयोग की अनुशंसा के क्रम में सरकारी खर्च पर पड़ोसी स्कूल की अवधारणा पर आधारित समान स्कूल व्यवस्था को लागू किया जाए।

इस अवसर पर मंडलीय उपाध्यक्ष हर्षदीप सिंह, उपाध्यक्षा डॉ प्रीति मजगाई, आय व्यय निरीक्षक और कार्यक्रम के सह संयोजक चंदन रावत जी, कोषाध्यक्ष जनार्जन तेवाडी जी, जिला मंत्री अल्मोड़ा बड़े भाई राजू महरा जी, जिला संगठन मंत्री राधा नबियाल जी, ब्लॉक अध्यक्ष लमगड़ा गिरीश पांडे जी, ब्लॉक अध्यक्ष ताकुला ललित तिवारी जी, ब्लॉक मंत्री ताकुला वीरेंद्र सिजवाली जी, ब्लॉक मंत्री हवालबाग खुशहाल महर जी, ब्लॉक मंत्री धौलादेवी नितेश कांडपाल, दीप पाण्डेय जी, डॉ बृजेश डसीला जी, गिरीश बिष्ट जी, दीपिका पंत जी, चंद्रकला उपाध्याय जी, देवेश बिष्ट जी, अंकित जोशी जी, धीरज कनवाल जी, विनोद जीना जी, भुवन पाण्डेय जी, जीवन तिवारी जी, सवित जनौटी जी, सुनील गोस्वामी, उमेश पांडे जी, प्रवेश जोशी जी, गोकुल भट्ट जी, चंद्र प्रकाश बिष्ट, हरीश बिष्ट जी, गोविंद बिष्ट जी समेत अनेक शिक्षक साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समकालीन रचनाधर्मी और ब्लॉगर भाई हर्ष काफ़र ने शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपनी कविता के माध्यम से बात रखी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here