सांवल्दे में सायंकालीन स्कूल का सेमवाल ने किया उद्घाटन, दो हजार से अधिक बच्चों का निशुल्क होगा शिक्षण

समाचार शगुन उत्तराखंड 


अपर शिक्षा निदेशक(माध्यमिक) एसपी सेमवाल द्वारा सांवल्दे(पश्चिम) में तीसरे ज्योतिबा फुले,सावित्रीबाई फुले सायंकालीन स्कूल का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन सत्र में “सामाजिक,आर्थिक रूप से वंचित समुदाय की शिक्षा” पर अपनी बातचीत रखते हुए श्री सेमवाल ने कहा वंचित समुदायों की शिक्षा का सवाल सरकारी,सार्वजनिक शिक्षा की मजबूती से ही जुड़ा हुआ है. सरकारी शिक्षा जितनी मजबूत होगी वंचित समुदायों को मिलने वाली शिक्षा उतनी ही मजबूत और बेहतर होगी.उन्होंने कहा विगत 5 वर्षों से रचनात्मक शिक्षक मंडल की टीम सायंकालीन स्कूल की अवधारणा के साथ गरीब,वंचित समुदाय के बच्चों की शिक्षा के लिए जो प्रयास कर रही है यह अनुकरणीय तो है ही,साथ ही सरकारी शिक्षकों की ओर से किया जा रहा एक अभिनव प्रयोग है भविष्य में इसकी गूंज बहुत दूर तक सुनी जाएगी। शिक्षक मंडल के संरक्षक प्रो गिरीश चंद्र पंत ने विगत पांच वर्षों में सायंकालीन स्कूल चलाने के अपने अनुभव को रखते हुए कहा स्कूल खोलने के शुरुआती दौर में कुछ समस्याएं जरूर आईं पर अब स्कूल से जुड़े अभिवावकों,बच्चों सभी को भी शिक्षा का महत्व समझ में आने लगा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष डॉ रविशंकर गुसाई ने संगठन द्वारा सार्वजनिक शिक्षा की बेहतरी के लिए किए प्रयासों पर बातचीत रखी.उन्होंने कहा अब शिक्षक संगठनों ने तय कर लिया है कि वे शिक्षक समुदाय के मुद्दों पर लड़ने के साथ साथ सरकारी शिक्षा की मजबूती के लिए भी पहलकदमी लेंगे। शिक्षक मंडल संयोजक नवेंदु मठपाल ने जानकारी दी कि इस सायंकालीन स्कूल के माध्यम से इससे लगे हुए दस किलोमीटर क्षेत्र के दो हजार से अधिक बच्चों को शिक्षण के साथ साथ रोजगार के लिये प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।भविष्य में उत्तराखंडी साहित्य,संस्कृतिक एक केंद्र भी यहां विकसित किया जाएगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष नंदराम आर्य,शोध अधिकारी डॉ नंदन बिष्ट,ढेला के बी डी सी सदस्य सुनील नैनवाल ने भी बातचीत रखी। इस मौके पर कंचन जोशी,सुभाष गोला,रमेश बिष्ट, सी पी खाती,महेंद्र आर्य,पुष्पा मठपाल,रितु बेलवाल,तुलसी बेलवाल,पंकज सती, कैप्टन एन डी पांडे विनोद कुमार,सुमित कुमार,गिरीश पनेरू दिनेश पांडे,प्रभात ध्यानी,पान सिंह नेगी,हेमचंद्र त्रिपाठी,लवीश बेलवाल,सुजल आर्य ,प्रमोद जोशी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here