हल्द्वानी में यहां जंगल में मिली किशोर की लाश, दोस्तों पर हत्या का आरोप

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

आज 12 सितंबर गुरुवार की सुबह घर से निकले 15 साल के लड़के की मौत हो गई। उसकी लाश जंगल में पड़ी मिली। घर से निकलने के दो घंटे बाद ही उसकी मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिजनों ने मृतक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। मुखानी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से धिमरा मीरगंज बरेली उत्तर प्रदेश निवासी रामा शंकर कश्यप हल्द्वानी में बोहरा कालोनी कमलुवागांजा में परिवार के साथ रहते हैं। वह तीन महीने पहले ही परिवार के साथ यहां आए थे। वह राजमिस्त्री का काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक रामा शंकर का बेटा धर्मेंद्र सुबह आठ बजे घर से निकला था। करीब 10 बजे एक महिला लामाचौड़ स्थित बंद पड़ी स्टील फैक्ट्री के पीछे जंगल में जानवर चराने गई थी। स्टील फैक्ट्री से करीब 150 मीटर अंदर जंगल में पहुंची में पहुंची तो लड़के को पड़ा देखा। आनन-फानन में उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त धर्मेंद्र के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर पहुंचे धर्मेंद्र के परिजनों ने उसके दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया। हालांकि शव पर किसी तरह के निशान या जख्म नहीं मिले। मुखानी थाना पुलिस के अनुसार अभी तहरीर नहीं मिली है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *