खटोला में मां शीतला पूजा महोत्सव की धूम, पूर्व विधायक ने की पूजा-अर्चना

समाचार शगुन उत्तराखंड 

ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर के निकट स्थित खटोला ग्राम सभा के निमाईपाड़ा क्षेत्र में आयोजित भव्य मां शीतला पूजा महोत्सव में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। पूजा पंडाल में पहुंचने पर ठुकराल ने विधि-विधान से मां शीतला की आराधना की और समूचे क्षेत्र की खुशहाली व सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। इस दौरान आजाद यंग क्लब के पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने पूर्व विधायक का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने कहा कि धार्मिक आयोजन और मेलों से समाज में आपसी भाईचारा और प्रेम बढ़ता है। मां शीतला की महिमा अपरंपार है और ऐसे अनुष्ठानों से वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनहित और धार्मिक कार्यों में उनका सहयोग सदैव बना रहेगा। इस अवसर पर आजाद यंग क्लब के अध्यक्ष सुजय विश्वास, उपाध्यक्ष आकाश मण्डल, दिपांकर विश्वास, सुदर्शन विश्वास, तेज सिंह, प्रमोद बोरा, सुमिरन पाण्डे, काली दास, भवतोष वैद्य, ब्रजेन मण्डल, सुंदर मेहरा, उमेद सिंह कार्की, अजय मण्डल, परवेज खां, राजू सिंह, श्रीकांत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय निवासी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here