समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
हल्द्वानी देव विहार ऊंचापुल निवासी अल्ट्रा धावक शिवेंद्र सिंह बिष्ट ने 64 वर्ष की उम्र में राजस्थान के जैसलमेर से लोंगेवाला पाकिस्तान बॉर्डर तक की 161 किमी लंबी दौड़ को 26 घंटे में पूरा कर एक उपलब्धि हासिल की है। थार डेजर्ट की विषम परिस्थितियों में आयोजित इस दौड़ में धावकों को दिन में 30 से 35 डिग्री सेल्सियस और रात में माइनस तापमान का सामना करते हुए लगातार दौड़ना होता है। यह दौड़ विजय दिवस के अवसर पर 14 दिसंबर को दोपहर 12 बजे शुरू हुई। इस दौड़ का आयोजन 1971 में लोंगेवाला, राजस्थान की लड़ाई में भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद करने और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से किया जाता है। इसका आयोजन द हेल रेस संस्था, जैसलमेर प्रशासन और भारतीय सेना के सहयोग से किया गया। बिष्ट इससे पहले भी लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के रोहतांग पास में 100 किमी से अधिक दूरी की कई दौड़ों में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।