हल्द्वानी के नितिन को साइबर ठगों ने पांच लाख का चूना लगाया

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

सोशल मीडिया प्लेटफार्म टेलीग्राम को ठिकाने की तरह इस्तेमाल कर रहे साइबर क्रिमिनल ने एक और युवक को अपना शिकार बना डाला। युवक को इनवेस्टमेंट की योजना बताई। मोटे बोनस का झांसा देकर शिप्पोलेजर डॉट कॉम नाम की वेबसाइट पर अकाउंट बनाकर निवेश कराया और 5.20 लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रेमपुर लोशज्ञानी हल्द्वानी निवासी नितिन भंडारी ने पुलिस को बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने उससे टेलीग्राम के जरिए संपर्क किया और शिप्पोलेजर डॉट कॉम नाम की वेबसाइट पर अकाउंट बनाकर निवेश करने का झांसा दिया। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने पहले दिन कुछ बोनस राशि भी दिखाई। इसके बाद 25 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में किस्तों में कुल 5.20 लाख रुपये जमा करा लिए। आरोपियों ने रकम बढ़ने और मुनाफा मिलने का लालच देकर लगातार भुगतान कराया। जब पीड़ित ने अपनी जमा की गई रकम और बताए गए बोनस को निकालने का प्रयास किया तो वेबसाइट पर निकासी की सुविधा बंद मिली। संपर्क करने पर आरोपियों के मोबाइल नंबर और टेलीग्राम अकाउंट भी निष्क्रिय हो गए। इसके बाद युवक को ठगी का एहसास हुआ। हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि साइबर सेल की टीम बैंक खातों, ट्रांजैक्शन आईडी और वेबसाइट के तकनीकी विवरण के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। ठगी में इस्तेमाल किए गए खातों और डिजिटल ट्रेल के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here