मंडी के रिटायर्ड कर्मचारी से 9.83 लाख की ठगी

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में मंडी परिषद में वरिष्ठ सहायक से सेवानिवृत्त कर्मी को साइबर ठग ने बैंक अधिकारी बनकर चूना लगा दिया। साइबर ठगों ने एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर बैंक खाते से 9.83 लाख रुपए उड़ा लिए। बड़ी मुखानी जज फार्म निवासी व रिटायर्ड कर्मचारी किरन के अनुसार ठगी की यह घटना 27 दिसंबर 2025 की है, जिसमें ठगों ने मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर पीड़ित के फोन का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर लिया। पीड़ित ने इस ठगी की शिकायत रुद्रपुर कुमाऊं रेंज के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में की। जहां जीरो एफआईआर दर्ज हुई। पीड़ित ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात काल आया। काल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट नहीं हुआ है। इसके बाद उसने व्हाट्सऐप पर एक एपीके फाइल भेजी और उसे खोलने को कहा। इसके बाद खाते से जुड़े संवेदनशील जानकारियां भरवाई गईं। कुछ ही देर में बैंक से ओटीपी आने लगे और ठग ने भरोसा दिलाया कि प्रक्रिया चल रही है। इसी दौरान चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से रुपये निकाल लिए गए। इसमें उसकी 701027 रुपये की एफडी की जमा राशि भी शामिल थी। इधर यह मामला मुखानी थाने में ट्रांसफर करने के बाद अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *