एसपी ने चौकी प्रभारी समेत 14 पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया, देखें सूची

समाचार शगुन डेस्क उत्तराखंड/उत्तर प्रदेश 

अपराध रोकने में नाकाम व घटनाओं में कार्रवाई नहीं करने पर बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एसपी पूर्णेदु सिंह ने अग्रवाल मंडी टटीरी चौकी प्रभारी सीमा सिंह, दरोगा आलोक कुमार समेत 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। अहमदशाहपुर पदड़ा व निबाली गांव के युवकों के बीच झगड़ा और फिर बवाल होने के लिए इनको जिम्मेदार माना गया। इसके साथ ही अग्रवाल मंडी टटीरी में व्यापारी की पुत्रवधू से चेन झपटने की घटना को दबा दिया गया। अहमदहापुर पदडा गांव में सोमवार को रामलीला में निबाली गांव के छात्र विकुल और पदड़ा गांव के गय्यूर के बेटों से झगड़ा हो गया था। इसके बाद पदड़ा गांव के शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में बुधवार को परीक्षा देने आए विकुल समेत अन्य छात्रों पर कॉलेज में घुसकर हमला कर दिया गया था। इसके बाद वहां दोनों पक्ष भिड़ गए और वहां पुलिस पर भी पथराव करते हुए बवाल किया गया। इस मामले में एसपी पूर्णेदु सिंह ने सीओ बागपत सुकन्या शर्मा से जांच कराई। जांच में पता चला कि सोमवार के बाद मंगलवार को भी झगड़ा हुआ, मगर टटीरी चौकी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इसलिए बुधवार को बवाल हुआ। चौकी प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी पहले ही कार्रवाई करते तो इस तरह से बवाल नहीं होता। पहले दो दिन तक हुए झगड़े की जानकारी भी चौकी प्रभारी ने उच्च अधिकारियों को नहीं दी। सीओ की रिपोर्ट मिलने पर एसपी पूर्णेदु सिंह ने चौकी प्रभारी सीमा सिंह, दरोगा आलोक कुमार, महिला हेड कांस्टेबल कोमल, हेड कांस्टेबल कैलाश, शिवदत्त, कन्हैया लाल, राकेश कुमार, करतार सिंह, रामकुमार, गजेंद्र सिंह, विपिन कुमार, कांस्टेबल अभिषेक, विशाल पंवार और लवकुश को लाइन हाजिर कर दिया। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी