समाचार शगुन उत्तराखंड
ऊधमसिंहनगर जिले के बाजपुर नगर के मोहल्ला पहाड़ी कॉलोनी में बुधवार देर रात वन विभाग की कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी मच गई। रुद्रपुर और बाजपुर वन विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक गोदाम पर छापा मारा तो लकड़ी तस्करों ने टीम पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में रुद्रपुर रेंज के वन दरोगा सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया। रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट को सूचना मिली थी कि पहाड़ी कॉलोनी स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से सागौन और खैर की लकड़ी का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर रात करीब 12 बजे रुद्रपुर और बाजपुर की संयुक्त टीम ने गोदाम पर छापा मारा। वन विभाग की गाड़ियां देखकर गोदाम में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान गोदाम संचालक और उसके साथियों ने वन कर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा सुरेंद्र सिंह के हाथ और सिर में चोटें आईं। टीम के अन्य सदस्यों ने किसी तरह उन्हें बचाया।
