समाचार शगुन उत्तराखंड
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में लालडांठ रोड पर ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ने गया यूपीसीएल कर्मी करंट की चपेट में आ गया। आनन-फानन में उसे नैनीताल रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।विद्युत वितरण खंड ग्रामीण डिविजन में ठेकेदार के अधीन काम करने वाला लाइनमैन सूरज शनिवार की सुबह कंप्लेंट पर तल्ली बमौरी के अमरावती कालोनी में काम करने गया था। अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि लाइनमैन ने गलत फीडर का शटडाउन लिया था। दरअसल उसे टाउन-2 फीडर का शटडाउन लेना था लेकिन उसने काठगोदाम बिजलीघर से जुड़े मुखानी फीडर का ले लिया। यही कारण रहा कि काम के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। प्रथम दृष्टया उसे 11 हजार वोल्ट का करंट लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। ईई ने बताया कि एसडीओ को मामले की जांच सौंपी गई है। लाइनमैन की हालत में सुधार है।



