समाचार शगुन डेस्क उत्तराखंड
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मवाना थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात में शादी से कुछ घंटे पहले महिला कॉन्स्टेबल का अपहरण कर लिया गया। अगवा करने का आरोप मेरठ के ही मवाना क्षेत्र के गांव ढिकोली निवासी बदमाश अंकित पर है। एसएसपी ने महिला सिपाही की बरामदगी के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया है। साथ ही एसटीएफ को भी लगाया है। बहसुमा क्षेत्र से एक यूपी पुलिस की महिला कॉन्स्टेबल का शनिवार की रात अपनी शादी से ठीक पहले अपहरण किए जाने का आरोप लगा है। परिजनों ने ढिकोली निवासी अंकित पर दुल्हन को उठाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवती अपनी मर्जी से युवक के साथ गई है। महिला सिपाही की तलाश में पुलिस की दो टीम और एसटीएफ लगी हुई है। पुलिस के मुताबिक महिला सिपाही और अंकित ढिकोली पूर्व परिचित हैं। महिला सिपाही बालिग है और उसकी उम्र 25 साल है। वह अपनी मर्जी से गई है। इसके बावजूद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों की तलाश और मामले की जांच की जा रही है।



