जयंती पर याद किए गए संत शिरोमणि रविदास, जगतपुरा में हुआ कार्यक्रम, पूर्व विधायक ने किया माल्यार्पण

समाचार शगुन उत्तराखंड 

रुद्रपुर में समाज में एकता, समरसता और भक्ति का संदेश देने वाले महान संत शिरोमणि रविदास की जयंती के अवसर पर एक फरवरी रविवार को जगतपुरा क्षेत्र में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में तमाम संख्या में लोगों ने संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा क्षेत्र संत रविदास के जयकारों से गुंजायमान रहा और उपस्थित जनसमूह ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि संत रविदास जी एक महान समाज सुधारक और आध्यात्मिक संत थे, जिन्होंने मध्यकालीन भारत में सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव के विरुद्ध आवाज बुलंद की। ठुकराल ने कहा कि संत रविदास ने ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ का कालजयी संदेश देकर यह सिद्ध किया कि ईश्वर की भक्ति के लिए हृदय की शुद्धि और निष्काम कर्म ही सर्वाेपरि है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। आज के दौर में उनके विचार और भी प्रासंगिक हो गए हैं, क्योंकि वे जातिवाद और आपसी वैमनस्य को समाप्त कर प्रेम का मार्ग दिखाते हैं। ठुकराल ने कहा कि संत रविदास जी के जीवन से हमें धैर्य, स्वाभिमान और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा मिलती है। समाज को उनके बताए हुए न्याय और समानता के रास्ते पर चलना चाहिए, तभी एक सशक्त और समरस राष्ट्र का निर्माण संभव है। इस अवसर पर राम स्वरूप भारती, डीपी सुमन, डीपी सिंह, राहुल, सुरेश भारती, छोटे लाल, लक्ष्मी नारायण, आनन्द शर्मा, अजय नारायण, राजेश ग्रोवर, बंटी मक्कड़, केरू मण्डल और ललित बिष्ट सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने बारी-बारी से संत के चरणों में मत्था टेका और प्रसाद वितरण कर उनकी जयंती की खुशियां मनाईं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here