सिडकुल की कंपनी में काम करने वाला युवक एक किलो चरस समेत गिरफ्तार, कुमाऊं के इस जिले का है निवासी

समाचार शगुन उत्तराखंड 

ऊधमसिंहनगर जिले की रुद्रपुर कोतवाली पुलिस, एसओजी व एक एएनटीएफ की टीम ने एक किलो चरस समेत युवक को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नशा कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत बीती शनिवार की शाम पुलिस टीम रुद्रपुर में रामपुर रोड प्रीत विहार को जाने वाली रोड के पास मुख्य सड़क पर आने जाने वाले वाहनों की चैंकिंग में जुटी थी कि तभी रुद्रपुर की तरफ से एक मोटरसाईकिल सवार बिना हैलमेट पहने तेजी से आता हुआ दिखाई दिया। करीब 10-15 मीटर की दूरी से बाइक सवार ने पुलिस टीम को देख भागने की कोशिश की लेकिन सड़क पर रिपेयरिंग का कार्य चलने के कारण मोटरसाईकिल घुमाने में असफल रहा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे बाइक समेत पकड़ लिया। पकड़े गये युवक से पूछताछ की तो वह इधर उधर की बातें करने लगा। वह बाइक के कागजात भी नही दिखा पाया। इस पर उसके कंधे पर टंगे बैग की तलाशी ली गई तो उसमे एक पारदर्शी पन्नी के अंदर काले रंग का राडनुमा पदार्थ दिखाई दिया। जांच करने पर पता चला कि वह पदार्थ चरस है। इस पर युवक से इस बाबत पूछा गया तो उसने सबकुछ उगल दिया। युवक ने अपना नाम शंकर सिंह मेहरा उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम पचनाई पोस्ट आफिस अमोड़ी चौकी चल्थी थाना लोहाघाट जिला चम्पावत बताया। उसने बताया कि वह सिडकुल की कंपनी में काम करता है और अपने गांव से चरस इकट्ठा कर रुद्रपुर आकर बेचता है। यह चरस वह प्रीत विहार कालोनी से आगे एक व्यक्ति को देने जा रहा था लेकिन वह उस व्यक्ति का नाम नहीं जानता। टीम में एसओजी प्रभारी संजय पाठक, प्रभारी एएनटीएफ कौशल भाकुनी, एसआई नवीन बुधानी, कांस्टेबल भुवन पांडे, हरीश गोस्वामी, अमित जोशी, महेन्द्र कुमार आदि शामिल थे।

Advertisement

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement