हल्द्वानी के बनभूलपुरा में अतिक्रमण हटाने गयी पुलिस टीम पर पथराव, जेसीबी से मदरसा व नमाज स्थल किया ध्वस्त

समाचार शगुन, हल्द्वानी उत्तराखंड 

कुमाऊं के हल्द्वानी में थाना बनभूलपुरा क्षेत्रांतर्गत मलिक के बगीचे में प्रशासन ने अवैध मदरसे एवं नमाज स्थल को गुरुवार को जेसीबी के जरिए ध्वस्त कर दिया। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसडीएम परितोष वर्मा व‌ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण ध्वस्त किया। इसी बीच कार्रवाई के दौरान मलिक के बगीचे के आसपास के रहने वाले तमाम अराजक तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने अराजक तत्वों से निपटने के लिए आंसू गैस छोड़ी। इस दौरान एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद मीणा, थाना बनभूलपुरा एसओ नीरज भाकुनी, एसओ मुखानी एसओ प्रमोद पाठक, कालाढूंगी एसओ नंदन सिंह रावत समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि नजूल भूमि पर बना मदरसा एवं नमाज स्थल पूरी तरह अवैध है। इस जमीन पर नगर निगम ने कब्जा पूर्व में ले लिया था लेकिन अवैध मदरसे एवं नमाज स्थल को सील कर दिया था और अब इसे आज ध्वस्त कर दिया गया है।‌ वहीं सूचना है कि अराजक तत्वों ने निगम के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया है। इधर पुलिस कार्रवाई के दौरान पथराव करने वाले अराजक तत्वों को चिन्हित कर रही है।