समाचार शगुन उत्तराखंड
नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने और जन्म लेने वाली नवजात बच्ची को बेचने के मामले में चंपावत पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कथित रूप से बेची गई नवजात बच्ची को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के मुताबिक 25 अक्तूबर 2026 को पीड़िता के पिता ने रीठा साहिब थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मदन सिंह बोहरा ने दिसंबर 2025 में उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया था, जिससे वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि नाबालिग की गर्भावस्था छिपाने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए गए और प्रसव के बाद जन्मी बच्ची को बेच दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी मदन सिंह बोहरा समेत अन्य के खिलाफ पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और नवजात की बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद 27 नवंबर को मुख्य आरोपी मदन सिंह बोहरा (54) निवासी ग्राम साल, थाना रीठा साहिब को चंपावत न्यायालय परिसर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया।











